गिरिडीह
गिरिडीह में नगर थाना क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग लूटकांड का पुलिस ने खुलासा किया है. इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर चोरी हुए मोबाइल, नकदी समेत बड़ी मात्रा में गांजा भी बरामद किया है.
पुलिस के अनुसार, 11-12 अप्रैल 2026 की रात करीब 1 बजे बस स्टैंड रोड स्थित न्यू परिसदन भवन के पास राहगीरों से लूट की घटना को अंजाम दिया गया था. इस मामले में नगर थाना कांड संख्या 88/26 दर्ज किया गया था. वहीं 16 अप्रैल की रात एक अन्य घटना में अमित कुमार लकड़ा से बैग, कपड़े और 8500 रुपये नगद छीन लिए गए थे, जिसका कांड संख्या 91/26 दर्ज हुआ. एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर न्यू चुड़ी मोहल्ला निवासी 20 वर्षीय आरोपी अफरोज शेख को देवघर से गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपी ने दोनों घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. उसकी निशानदेही पर लूटे गए मोबाइल फोन, पर्स, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड समेत अन्य कागजात और नगदी बरामद किए गए.
इसी क्रम में 25 अप्रैल को पुलिस ने न्यू चुड़ी मोहल्ला में छापेमारी कर स्वानी कुरैशी के घर से करीब 1575 ग्राम गांजा, 50 पीस नशीली गोली और 3000 रुपये नकद बरामद किया. इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कांड संख्या 96/26 दर्ज किया गया है. हालांकि दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है. उसके खिलाफ पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं. इस पूरी कार्रवाई में एसडीपीओ सदर के नेतृत्व में नगर थाना पुलिस की टीम शामिल रही, जिसमें थाना प्रभारी समेत कई पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान मौजूद थे.
.jpg)